शेयर मार्केट क्या है? (Share Market Kya Hai)सोचिए — आपके पड़ोस में एक दुकान खुल रही है। दुकान वाले चाचा के पास पैसे कम हैं, तो वो आपसे और बाकी मोहल्ला पड़ोस वाले लोगों से थोड़ा-थोड़ा पैसा लेते हैं और बदले में वो आपको दुकानदारी में एक हिस्सेदार बनाते हैं ।
जिससे जितना दुकान में जितना भी फायदा होगा, उसमें आपको भी हिस्सा मिलेगा।बस यही है शेयर मार्केट के काम करने का तरीका ।
शेयर मार्केट वो जगह है जहाँ बड़ी-बड़ी कंपनियाँ अपने शेयर (यानी अपनी हिस्सेदारी) आम लोगों को बेचती हैं, लोग उन शेयरों को खरीदते-बेचते हैं।
जब कंपनी तरक्की करती है, तो शेयर की कीमत भी बढ़ती है — और कंपनी के शेयर की कीमत बढ़ने पर आपका पैसा भी उसी अनुपात में बढ़ता है।
भारत में शेयर मार्केट का कारोबार कहाँ होता है?
भारत में दो मुख्य स्टॉक एक्सचेंज हैं:
BSE (Bombay Stock Exchange) — यह एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज है, जो 1875 में मुंबई में शुरू हुआ था। इसका प्रमुख इंडेक्स है Sensex, जो 30 बड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है।
NSE (National Stock Exchange) — यह 1992 में शुरू हुआ और आज भारत का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है। इसका इंडेक्स है Nifty 50, जो देश की 50 सबसे बड़ी कंपनियों पर नज़र रखता है।
जब आप न्यूज़ में सुनते हैं — “आज Sensex 500 अंक गिरा” — तो इसका मतलब है कि उन 30 बड़ी कंपनियों के शेयरों की कीमत औसतन कम हो गई।
अक्सर हमारे मन में एक विचार आता है कि शेयर मार्केट कैसे काम करता है?
इसे एक उदाहरण से समझते हैं।
मान लीजिए Reliance Industries को नया कारखाना लगाना है। उसे ₹10,000 करोड़ चाहिए।
बैंक से इतना बड़ा कर्ज लिया तो भैया यह बहुत महंगा पड़ेगा क्योंकि बैंक समय पर अपना पैसा ब्याज के साथ पैसा मांगेगी ।
कर्ज हमें अदा करना भी पड़ेगा । इस स्थिति से बचने के लिए कंपनी क्या करती है?
वो अपने को आगे बढ़ाने की योजना बनाते हुए छोटे-छोटे टुकड़ों में बाँट देती है — इन्हें शेयर कहते हैं।
फिर वो इन शेयरों को BSE या NSE पर बेचती है। लाखों लोग इन शेयरों को खरीदते हैं।
कंपनी को पैसा मिल जाता है, और खरीदने वाले कंपनी के छोटे-छोटे मालिक बन जाते हैं।
अब जैसे-जैसे Reliance का कारोबार बढ़ेगा— उसके शेयर की माँग बाजार में बढ़ेगी, इसी तरह जो शेयर हमने 100 का खरीदा है मांग बढ़ने पर उसकी कीमत 120 या उससे भी अधिक हो जाएगी।
यही है शेयर मार्केट का काम करने का तरीका।अब समझते हैं शेयर की कीमत कैसे बदलती है? यह सबसे ज़रूरी सवाल है।
जब मैने शेयर मार्केट सीखना शुरू किया था उस समय मेरे दिमाग में विचार आते थे कि अखबार में खबरें रहती हैं आज शेयर मार्केट गिरावट के साथ बंद । शेयर मार्केट 1000 point तेजी से हुई खरीदारी, यह कैसे काम करता है क्या होता है यह ?
तो चलिए जानते हैं शेयर की कीमत कैसे बदलती है ? शेयर की कीमत माँग और आपूर्ति पर निर्भर करती है।
सरल भाषा में — अगर ज़्यादा लोग खरीदना चाहें तो कीमत बढ़ती है, अगर ज़्यादा लोग बेचना चाहें तो कीमत गिरती है।
लेकिन अब सवाल आता है कि यह माँग किससे बनती है? तो इसके कुछ मुख्य कारण हैं:
कंपनी का प्रदर्शन — अगर नतीजे अच्छे आए मतलब फायदा हुआ तो कीमत बढ़ेगी।
घाटा हुआ तो कीमत गिर जाएगी ।
देश की अर्थव्यवस्था — जब GDP बढ़ती है, रोज़गार बढ़ता है, तो बाज़ार में उत्साह होता है।
वैश्विक घटनाएँ — कोरोना आया तो दुनियाभर के बाज़ार गिरे। अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ीं तो भारतीय बाज़ार पर भी असर पड़ा।
निवेशकों की भावना — कभी-कभी सिर्फ अफवाह से भी कीमत ऊपर-नीचे होती है।
SEBI — शेयर मार्केट का रखवालाशेयर मार्केट में कोई धोखाधड़ी न हो, इसके लिए SEBI (Securities and Exchange Board of India) काम करता है।
यह भारत सरकार की संस्था है जो पूरे बाज़ार पर नज़र रखती है।SEBI यह सुनिश्चित करता है कि कंपनियाँ सही जानकारी दें, ब्रोकर नियम से काम करें, और आम निवेशक सुरक्षित रहें।
शेयर मार्केट में निवेश कैसे शुरू करें?
शेयर मार्केट में हम लोग सीधे जाकर शेयर नहीं खरीद सकते हैं। इसके लिए तीन चीज़ें चाहिए:पहली — Demat Account: यह एक डिजिटल तिजोरी है जहाँ हमारे शेयर रखे जाते हैं।
Zerodha, Groww, Upstox जैसे प्लेटफॉर्म पर 15-20 मिनट में खुल जाता है।
दूसरी — Trading Account: इससे आप शेयर खरीद-बेच सकते हैं। आमतौर पर Demat के साथ यह भी मिलता है।
तीसरी — बैंक Account: जिससे हमारे ऊपर दोनों अकाउंट लिंक रहते हैं पैसे जमा और निकालने के लिए।बस, इतना करके आप शुरू कर सकते हैं।
शुरुआती लोगों के लिए ज़रूरी सलाह शेयर मार्केट पैसा बनाने का ज़रिया ज़रूर है, लेकिन यहाँ जल्दबाज़ी नुकसानदायक है।
कुछ बातें हमेशा याद रखें — सिर्फ वो पैसा लगाएं जिसकी फिलहाल ज़रूरत न हो। किसी की टिप पर आँख मूँदकर निवेश करना अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करना हो सकता है ।
पहले सीखें, फिर छोटी राशि से शुरू करें। और सबसे ज़रूरी — धैर्य रखें। शेयर मार्केट में असली कमाई समय के साथ होती है, रातोरात नहीं।
Warren Buffett ने कहा था — “शेयर मार्केट उन लोगों से पैसा लेकर धैर्यवान लोगों को देता है जो जल्दी में होते हैं।”
निष्कर्ष
अंत में अपने सीखे हुए अनुभव से इतना ही कहूंगा शेयर मार्केट कोई जुआ नहीं है — यह भारत की बड़ी-बड़ी कंपनियों में हिस्सेदार बनने का मौका है।
BSE, NSE, Sensex, Nifty — ये सब उसी व्यवस्था के हिस्से हैं जो आपके पैसे को समझदारी से बढ़ने का रास्ता देती है।
अगर आप नए हैं, तो सीधे शेयर खरीदने की बजाय पहले Mutual Fund या Index Fund से शुरुआत करें — यह कम जोखिम वाला रास्ता है। इस पर हम अगले लेख में विस्तार से बात करेंगे। धन्यवाद ।
